क्राइम ही क्राइम...अपहरण की कोशिश, शूट आउट, लूट, चोरी
पद्मश्री फूलबासन के अपहरण की कोशिश
राजनांदगांव (चैनल इंडिया)। समाजसेवी पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश की गई। लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से यह बड़ी घटना टल गई। इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पूरा मामला सुकुल देहान क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दो महिलाएं कार से पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के घर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने उन्हें किसी काम के बहाने कार में बैठने के लिए कहा। इसके बाद फूलबासन बाई कार में दोनों महिलाओं के साथ बैठ गईं। आरोपी उनका मुंह बांधकर नेशनल हाईवे के रास्ते भाग रहे थे।
राजनांदगांव एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि मंगलवार को सुबह ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोड पर चेकिंग प्वाइंट लगाया गया था। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन के गुजरने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा कर वाहन को रोका। वाहन रुकवाकर चालक से पूछताछ की गई। पुलिस जब गाड़ी के पास पहुंची तो उसमें छत्तीसगढ़ की पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन यादव बैठी हुई थीं। गाड़ी में मौजूद दो लड़कियों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि फूलबासन यादव को मिर्गी का दौरा पड़ रहा है, इसलिए उनका मुंह दबाकर रखा गया है। हालांकि, इसी दौरान फूलबासन यादव ने पुलिस से कहा कि उन्हें जबरदस्ती ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस को शक हुआ और सभी को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि खुशबू साहू नाम की युवती, जो बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के भौरी गांव की रहने वाली है, कथित रूप से योजना बनाकर स्कॉर्पियो वाहन लेकर आई थी।
राजधानी में जीजा ने दो सालियों को मारी गोली
रायपुर (चैनल इंडिया)। पारिवारिक विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। पंडरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी ही दो सालियों पर गोली चला दी, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया। घटना मंगलवार रात की है। आरोपी जितेंन्द्र वर्मा पेशे से बाउंसर है, घर पर परिवारिक विवाद होने से उसने अपनी लायसेंस पिस्टल से दोनों सालियों पर गोली चला दी।
गोली लगने से दुर्गेश्वरी नामक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गीतांजलि गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा ने पुलिस के सामने खुद सरेंडर कर दिया है, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की असली वजह जानने में जुटी है। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी दो-तीन दिनों से घर से गायब है, वह अपने बच्चे और पत्नी को ढूंढने में लगा हुआ था। इस दौरान पता चला कि पत्नी अपनी बहनों के घर पर है। इसके बाद जितेंद्र अपनी पत्नी को ढूंढते सालियों के घर पहुंच गया, वहां दोनों सालियों के साथ विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान जितेंद्र ने लाइसेंस पिस्टल से गोली चला दी।
खरोरा में एक करोड़ के गहने-नकदी ले उड़े बदमाश
खरोरा (चैनल इंडिया)। राजधानी से लगे खरोरा इलाके में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बदमाशों ने मंगलवार की शाम खरोरा के महावीर ज्वेलर्स के नरदहा स्थित ब्रांच के मैनेजर पर हमला कर करीब एक करोड़ रुपए के गहने और नकदी लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।
महावीर ज्वेलर्स के मैनेजर टीकाराम शर्मा रायपुर के नरदहा स्थित ब्रांच से दुकान बंद कर बाइक से खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे रास्ते में बिजली कडक़ी तो वे रुक गए। इलाके में बिजली गुल थी। इसके बाद वे आगे बढ़े तो दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। सिर पर डंडे से वार की वजह से वे गिर गए और बेहोश हो गए। हमले के बाद बदमाश मैनेजर के पास मौजूद झोला छीनकर फरार हो गए। झोले में करीब 350 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और नकदी रकम रखी थी। कुल लूट की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
भिलाई में स्क्रैप व्यापारी के घर से लाखों की चोरी
दुर्ग (चैनल इंडिया)। चोरों ने बिती रात स्क्रैप व्यापारी के सूने मकान में धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवरात समेत 1.40 लाख नगद पर हाथ साफ कर दिया। स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल अपने परिवार के साथ भिलाई के नेहरू नगर पश्चिम में रहते हैं। सोमवार को वे अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। तभी चोर मेन गेट का ताला तोडक़र व्यापारी के घर में दाखिल हुए और अलमारी से हीरे, सोने-चांदी के गहने के साथ ही एक लाख 40 हजार रुपए नगद पार कर लिए।
व्यापारी जब रात दो बजे अपने परिवार के साथ वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा देख उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस प्रवक्ता दुर्ग का कहना है कि उन्हें स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल से सूचना मिली थी कि नेहरू नगर पश्चिम में स्थित उनके घर से किसी ने हीरे, सोने-चांदी के गहने के साथ ही एक लाख 40 हजार रुपए नगद चोरी कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ नकबजनी के साथ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

admin 





