अगले दो दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश जारी रहने के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। उमस और गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बावजूद फिलहाल उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों में दोरनापाल, भिलाईगढ़ और जगरगुंडा में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण और सुकमा में 3-3 सेंटीमीटर तथा सरिया, धनोरा और नया बाराद्वार में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा, अंतागढ़, केल्हारी, सक्ती, बड़े बचेली, अड़भार, बम्हनीडीह, वाड्रफनगर और गादीरास में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।
मानसून द्रोणिका का असर
मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर सक्रिय मानसून द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बने निम्न दबाव क्षेत्र से होकर मध्य भारत, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में पर्याप्त नमी बनी हुई है, जिससे बारिश की गतिविधियां लगातार जारी रहने की संभावना है।
रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह धूप निकलने के बावजूद वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
वहीं रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
admin




