घर में फंदे पर मिला युवक का शव, गर्लफ्रेंड से अनबन की चर्चा; जांच में जुटी पुलिस

घर में फंदे पर मिला युवक का शव, गर्लफ्रेंड से अनबन की चर्चा; जांच में जुटी पुलिस

कवर्धा। शहर के मजगांव रोड स्थित एक मकान में बुधवार को युवक का शव फंदे पर मिला। मृतक की पहचान आलोक दुबे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आलोक पिछले कुछ समय से परेशान था। बताया जा रहा है कि वह करीब चार वर्षों से एक युवती के साथ रिश्ते में था और हाल के दिनों में दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। हालांकि, इस विवाद का युवक की मौत से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है।

बुधवार को आलोक का शव घर में फंदे पर मिला। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाने के साथ अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।