टीआई को कार से कुचलने की कोशिश, दो करोड़ का गांजा छोडक़र भागे तस्कर

टीआई को कार से कुचलने की कोशिश, दो करोड़ का गांजा छोडक़र भागे तस्कर
कांकेर (चैनल इंडिया)। मंगलवार देर रात केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस और गांजा तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश की। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फाच्र्यूनर कार और उसके साथ चल रही पायलट गाड़ी टाटा वैक्सीन को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ा दी। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गडिय़ा पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद दोनों वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले। जांच के दौरान बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों को नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग मिले हैं।