बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर हुए फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर हुए फरार; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महासमुंद। जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के आठ नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सभी नाबालिग देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रिल तोड़कर परिसर से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य पर एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और पड़ोसी राज्य ओडिशा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही फरार नाबालिगों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। एक बार फिर आठ बालकों के एक साथ भाग निकलने की घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार नाबालिगों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा में चूक कैसे हुई और घटना के लिए जिम्मेदार कौन है।