मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों का जुआ, 20 लाख के साथ 156 जुआरी पकड़ाए

मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों का जुआ, 20 लाख के साथ 156 जुआरी पकड़ाए
बीजापुर (चैनल इंडिया)। दीपावली से पहले अवैध जुआ गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए भद्राकाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रैगुड़ा जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर 156 लोगों के खिलाफ  वैधानिक कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि मुर्गा लड़ाई की आड़ में यहां लंबे समय से लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। बस्तर क्षेत्र में इसे अब तक की बड़ी जुआ कार्रवाई बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रैगुड़ा जंगल में मुर्गा बाजार के नाम पर जुए का आयोजन किया जा रहा था। यहां बड़ी संख्या में लोग जुटकर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद भद्राकाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुए के अड्डे पर दबिश दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 20 लाख एक हजार 200 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल 156 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।