चलती कार बनी आग का गोला, परिवार के तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान

चलती कार बनी आग का गोला, परिवार के तीन लोगों ने कूदकर बचाई जान

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बायपास रोड पर दौड़ रही एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, परिवार के तीन सदस्य कार से बायपास रोड होते हुए दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति गंभीर होते देख कार सवारों ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के अगले हिस्से में तेज लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। आग के साथ घना काला धुआं भी निकल रहा था, जिसे देखकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।