भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में संगठनात्मक रणनीति पर मंथन, 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में संगठनात्मक रणनीति पर मंथन, 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को पार्टी के कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता शामिल हुए। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में संगठन की ओर से पूर्व में सौंपे गए कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और भविष्य की चुनावी तैयारियों पर भी वरिष्ठ नेताओं ने अपने सुझाव साझा किए।

आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाती है। इस बार राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश की मौजूदगी में पूर्व में दिए गए कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की गई।

उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभारी और पदाधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली गई है। साथ ही कई नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

बूथ स्तर तक होगी बैठकों की श्रृंखला

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार को मोर्चा और प्रकोष्ठों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसके बाद जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक लगातार बैठकों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन आगामी कार्यक्रमों को लेकर चरणबद्ध तरीके से तैयारी कर रहा है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान किरण सिंह देव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं और पार्टी देशभर में अपना जनाधार खो चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर देश में भ्रम का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही बाधित करना कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है, लेकिन देश की जनता सब कुछ देख रही है और कांग्रेस अपने उद्देश्य में सफल नहीं होगी।