मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर स्पाई-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' (Dhurandhar) ने सिनेमाघरों में ऐतिहासिक कमाई करने के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म (OTT) पर भी ग्लोबल रिकॉर्ड बना दिया है। यह फिल्म इस साल स्ट्रीमिंग दिग्गज नेटफ्लिक्स (Netflix) पर दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली गैर-अंग्रेजी (Non-English) फिल्म बन गई है।
नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस ने की पुष्टि
'एक्सप्रेस अड्डा' के दौरान नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ (Co-CEO) टेड सारंडोस ने इस उपलब्धि की पुष्टि करते हुए भारतीय सिनेमा के बढ़ते वैश्विक प्रभाव की सराहना की। उन्होंने कहा, "धुरंधर इस साल दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म रही है। व्यूअरशिप के मामले में यह अमेरिका और ब्रिटेन के बाद दूसरे स्थान पर है और वैश्विक स्तर पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है।"
37 मिलियन व्यूज के साथ 22 देशों में नंबर-1
नेटफ्लिक्स की एंगेजमेंट रिपोर्ट के मुताबिक:
-
व्यूअरशिप का रिकॉर्ड: जनवरी से जून 2026 के बीच इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर 37 मिलियन (3.7 करोड़) से अधिक व्यूज मिले हैं।
-
22 देशों में टॉप पर: 'धुरंधर' दुनिया के 22 देशों में नेटफ्लिक्स की टॉप-10 लिस्ट में पहले पायदान पर ट्रेंड कर चुकी है।
-
लगातार 10 हफ्ते दबदबा: यह फिल्म नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप-10 सूची में लगातार 10 हफ्तों तक बनी रही।
बॉक्स ऑफिस पर भी रच चुकी है इतिहास
नेटफ्लिक्स पर तहलका मचाने से पहले 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर भी कमाई के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए थे। आदित्य धर के निर्देशन में बनी दो भागों की इस फ्रेंचाइजी ('धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज') ने दुनिया भर में ₹3,100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।