BREAKING: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित ठिकानों पर ED की दबिश, दस्तावेजों की जांच जारी

BREAKING: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित ठिकानों पर ED की दबिश, दस्तावेजों की जांच जारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के घेरे में हैं। बुधवार को ED की आठ सदस्यीय टीम ने धमतरी स्थित उनके ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात रहा, जबकि ED अधिकारियों ने अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की।

जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर पहुंचकर कई दस्तावेजों को खंगाला। जांच का फोकस कथित शराब घोटाले के अलावा कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े वित्तीय लेन-देन पर बताया जा रहा है।

पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है ED

इससे पहले ED ने रायपुर केंद्रीय जेल से रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें रायपुर स्थित धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेज दिया था।

घोटाले की रकम के लेन-देन की जांच

जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों के लेन-देन में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका रही है। ED अब कथित तौर पर यह पता लगाने में जुटी है कि घोटाले से जुड़ी रकम किन लोगों और किन ठिकानों तक पहुंचाई गई।

धमतरी स्थित ठिकानों पर हुई यह कार्रवाई इसी वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।