रायपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी : सोंढूर डैम के सभी गेट खोले गए 

रायपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी : सोंढूर डैम के सभी गेट खोले गए 

दुधावा और गंगरेल के कैचमेंट क्षेत्रों में पानी तेजी से बढ़ा
 रायपुर (चैनल इंडिया)। बंगाल और ओडिशा में बने सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है। हालांकि 31 जुलाई से प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर रायपुर संभाग में रहा, जबकि सरगुजा, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से गरियाबंद का सुहागपुर गौठान बाढ़ के पानी से घिर गया। यहां 5, 3 और 2 साल के तीन मासूम बच्चों समेत एक परिवार करीब 4 घंटे तक फंसा रहा। नगर सेना ने देर रात रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित निकाला, गौठान में 300 गायें अब भी पानी के बीच फंसी हैं। जिन्हें आज निकालने की तैयारी है।
 प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। आज रायपुर में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 

चार दिन बाद मिला उपसरपंच और पत्नी का शव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लाट नाले में बहे दंपती का शव चार दिन बाद मिला। 26 जुलाई को कार से उफनते नाले को पार करने के दौरान दोनों तेज बहाव में बह गए थे। बुधवार को घटनास्थल से करीब 3 किमी दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके अंदर दोनों के शव बरामद हुए।

उफनते नालों में बहा अधेड़
लगातार बारिश के बीच गरियाबंद में उफनते सरगी नाले को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बह गया। लोगों के मुताबिक वह नशे में था। करीब 5 किमी दूर खुटेरी गांव में उसका शव मिला।इसके अलावा सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र के दमाऊधारा में लापता युवक का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। दुर्ग-भिलाई का रहने वाला प्रतीक कंवर (20) मंगलवार को दोस्तों के साथ घूमने आया था। इसी दौरान झरने के तेज बहाव में बह गया। करीब 24 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसकी लाश मिली।

सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी किनारे अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर में मंगलवार रात से रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव हो गया। देवपुरी से लालपुर स्थित फ्रुट मार्केट जाने वाली मुख्य सडक़ पर पानी भर गया। धमतरी में भारी बारिश के बीच सोंढूर डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं। सोंढूर, दुधावा और गंगरेल जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्रों में पानी तेजी से बढ़ रहा है। सोंढूर जलाशय से कैनाल के माध्यम से नियंत्रित रूप से पानी दुधावा जलाशय की ओर छोड़ा जा रहा है।


अब तक 12 प्रतिशत कम बरसा पानी
छत्तीसगढ़ में मानसून का प्रदर्शन इस बार जिलों के हिसाब से काफी असमान रहा है। एक जून से 29 जुलाई  तक के आंकड़ों के अनुसार, पूरे राज्य में औसत 477.8 मिमी (18.8 इंच) बारिश हुई है। जबकि सामान्य बारिश 544.6 मिमी (21.4 इंच) होनी चाहिए थी। यानी पूरे प्रदेश में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके बावजूद भारतीय मौसम विभाग (ढ्ढरूष्ठ) के मानकों के अनुसार यह ‘सामान्य’ श्रेणी में आता है। भले ही राज्य का औसत सामान्य दिख रहा है, लेकिन जिले स्तर पर तस्वीर पूरी तरह अलग है। कहीं सामान्य से 76 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है तो कहीं 50 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है।