रेलवन ऐप बना यात्रियों की पहली पसंद, टिकट बुकिंग से लेकर लाइव ट्रेन स्टेटस तक सभी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर
रायपुर। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित रेलवन (RailOne) ऐप तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पिछले वर्ष जुलाई में लॉन्च किए गए इस एकीकृत मोबाइल ऐप को देशभर में करोड़ों लोग डाउनलोड कर चुके हैं। रेलवे के अनुसार, ऐप के माध्यम से यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर यात्रा संबंधी लगभग सभी डिजिटल सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही हैं।
एक ही ऐप में टिकट बुकिंग की सभी सुविधाएं
रेलवन ऐप के जरिए यात्री आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। इसके अलावा टिकट रद्द करने और रिफंड की प्रक्रिया भी पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाई गई है, जिससे यात्रियों का समय बच रहा है।
रियल टाइम मिलेगी ट्रेन की पूरी जानकारी
इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को पीएनआर स्टेटस, वेटिंग की स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन और प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर तथा कोच पोजिशन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां रियल टाइम में उपलब्ध होती हैं। इससे यात्रा के दौरान बार-बार अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जानकारी खोजने की जरूरत नहीं पड़ती।
डिजिटल भुगतान और कैशलेस सुविधा
रेलवन ऐप सुरक्षित और तेज डिजिटल भुगतान की सुविधा भी प्रदान करता है। डिजिटल टिकटिंग के कारण यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों से राहत मिल रही है। साथ ही नकदी ले जाने, खुले पैसे और नकली नोट जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिल रहा है।
सीट पर मिलेगा पसंद का भोजन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवन ऐप में यात्रा के दौरान भोजन ऑर्डर करने की सुविधा भी जोड़ी गई है। यात्री अपनी पसंद का भोजन सीधे अपनी सीट पर मंगा सकते हैं।
अनारक्षित टिकट पर 3 प्रतिशत की छूट
रेलवे के अनुसार, रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक कर डिजिटल भुगतान करने वाले यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। यह सुविधा 24 अगस्त 2028 तक प्रभावी रहेगी।
डिजिटल इंडिया अभियान को मिल रही मजबूती
रेलवे का कहना है कि रेलवन ऐप भारतीय रेल की सभी डिजिटल सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके जरिए यात्रियों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल रही हैं। साथ ही यह ऐप डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। रेलवे का लक्ष्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है।

admin 




