बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के आसार, छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन बारिश का दौर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों के दौरान विशेषकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर जिले के बोदरी में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।
प्रदेश में अब तक की मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।
जगदलपुर और दुर्ग में रहा सबसे अधिक तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इस दौरान जगदलपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी संकेत दिए हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बोदरी में 7 सेंटीमीटर, जबकि बिलासपुर, सकरी और पथरिया में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा कुमरदा, दुलदुला, मरीं बंगला देवरी, गोबरा नवापारा और तखतपुर में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
बैकुंठपुर, डोंडीलोहारा, बिल्हा, लालपुर थाना, कोटा और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं छिंदगढ़, भाटापारा, अर्जुन्दा, मस्तूरी, राजिम, छुरा, भाखरा, छुरिया, दाढ़ी, पचपेड़ी और अंबागढ़ चौकी में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा नांदघाट, कुरूद, गुरूर, चिरमिरी, पाटन, रामचंद्रपुर, गुंडरदेही, धमतरी, बलरामपुर, डोंगरगांव, नवागढ़, बरमकेला और अभनपुर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून द्रोणिका बीकानेर, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, सीधी, रांची और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसी बीच उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से इसी क्षेत्र में बुधवार को निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह नया सिस्टम विकसित होने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज होने और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बने रहने की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर की संभावना
नए मौसमी सिस्टम का प्रभाव प्रदेश के सभी हिस्सों में देखने को मिल सकता है, लेकिन उत्तर छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना अधिक बताई जा रही है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों पर मौसम विभाग की ओर से लगातार नजर रखी जा रही है।
admin




