रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्र से दिनदहाड़े 2 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए पहले पीड़ित की आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, फिर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में कार्य करता है। सोमवार शाम करीब 5 बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से 2 लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान खोरपा और बिरोदा गांव के बीच सुनसान पगडंडी मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों में से पीछे बैठे युवक ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने अपनी बाइक सामने लगाई और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक से ही पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और नकदी निकालने के बाद उसका पीछा कर रहे थे।
पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल तक आने-जाने वाले मार्गों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।