नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 1.5 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 1.5 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गोलबाजार पुलिस ने एक महिला को 1 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की शाम थाना गोलबाजार की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के सामने एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद सफेद रंग के थैले से 1.5 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में महिला की पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38 वर्ष), निवासी मोतीबाग चौक, रायपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुकी है।

पुलिस अब आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। साथ ही उसके खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा। पुलिस गांजा सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।