मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग: 10 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार, 5 घंटे बाद पाया गया काबू

मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग: 10 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार, 5 घंटे बाद पाया गया काबू

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना के बाद आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। रायपुर, मंदिर हसौद और आसपास के क्षेत्रों से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया।

करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी और फोम का इस्तेमाल किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से प्लांट के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सील कर दिया गया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से प्लांट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विशेषज्ञों की टीम को आग के कारणों की पड़ताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।