कांग्रेस और युवा कांग्रेस का सांगठनिक ढाँचा पूरी तरह ध्वस्त : भाजयुमो
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने प्रदेश में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि इस तथाकथित चुनाव ने कांग्रेस के आंतरिक लोकतंत्र और संगठनात्मक ढाँचे की बची-खुची साख को पूरी तरह तार-तार कर दिया है। टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस में वर्चस्व की इस जंग ने पार्टी के भीतर मचे घमासान और बड़े नेताओं के बीच की रार को सार्वजनिक रूप से बेनकाब कर दिया है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष टिकरिहा ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्विरोध इस कदर हावी हो चुका है कि कल तक जो नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भक्ति में लीन रहते थे, वे ही आज उनके सामने ताल ठोककर खड़े हैं। भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव द्वारा बघेल समर्थित प्रत्याशी के विरोध में अपना उम्मीदवार उतारना यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी सत्ता-संघर्ष और आधिपत्य की लड़ाई अब सड़क पर आ चुकी है। कांग्रेस और युवक कांग्रेस में अनुशासनहीनता चरम पर है और पूरा संगठनात्मक ढाँचा ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है।

admin 




