दो मेडिकल दुकानों में चोरी: नकाबपोश बदमाश 52 हजार नकद और चांदी के जेवर लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

दो मेडिकल दुकानों में चोरी: नकाबपोश बदमाश 52 हजार नकद और चांदी के जेवर लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

बालोद। जिले के करहीभदर गांव में रविवार देर रात दो नकाबपोश चोरों ने दो मेडिकल दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब 52 हजार रुपये नकद समेत चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव की है। देर रात दो नकाबपोश युवक मेडिकल दुकानों के बाहर पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक आरोपी दुकान के भीतर घुसकर सामान और नकदी खंगालता रहा, जबकि दूसरा बाहर खड़े होकर निगरानी करता रहा।

चोरी के दौरान आरोपियों ने दुकान में रखे करीब 52 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद एक आरोपी बक्सा लेकर बाहर निकला और दोनों शटर बंद कर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।