BSP से करोड़ों के लोहे की चोरी का खुलासा: गोदाम से 100 टन से ज्यादा माल जब्त, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपए के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अकलोरडीह गांव में छापेमार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा बरामद किया है। मौके पर लोहे का विशाल जखीरा और भारी मशीनें देखकर पुलिस और जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं। मामले के सामने आने के बाद अब भिलाई इस्पात संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अकलोरडीह स्थित गोदाम को सील कर दिया है। वहीं मौके से करीब एक दर्जन भारी वाहनों को भी जब्त किया गया है। जब्त वाहनों में पोकलेन मशीन, बुलडोजर, ट्रक और चैन माउंटेन जैसे भारी उपकरण शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि चोरी का लोहा अकलोरडीह स्थित मोहम्मद सलीम के गोदाम में डंप किया जाता था और वहां से दूसरे स्थानों पर खपाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी डस्ट परिवहन की आड़ में लोहे की चोरी को अंजाम देते थे।
मामले में भिलाई स्टील प्लांट के कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। दरअसल बीएसपी परिसर और आसपास करीब 400 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और 1200 से अधिक CISF जवानों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
अब तक पुलिस 100 टन से ज्यादा संदिग्ध माल जब्त कर चुकी है। मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी के इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

admin 




