लूट की वारदातों से दहशत फैलाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
बैंक मित्र और च्वॉइस सेंटर संचालकों को बनाते थे निशाना
रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्र और च्वॉइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, घटना में इस्तेमाल किए गए दो दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम पूर्व में मारपीट और अपहरण के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार पहली घटना 1 जून 2026 को हुई थी। ग्राम बिरोदा निवासी और बैंक ऑफ बड़ौदा, खोरपा में बैंक मित्र के रूप में कार्यरत पोषण लाल साहू बैंक बंद होने के बाद दो लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। ग्राम सारखी और बिरोदा के बीच पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपियों ने मिर्च पाउडर फेंककर और नुकीली वस्तु दिखाकर धमकाया तथा नकदी से भरा बैग और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
दूसरी घटना 14 मार्च 2026 की है। दम्मानी कॉलोनी, गोबरा नवापारा निवासी उमेंद्र कुमार देवांगन अभनपुर में संचालित अपने तुसिका च्वॉइस सेंटर और गिफ्ट स्टोर को बंद कर घर लौट रहे थे। ग्राम हसदा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू पेट पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी देते हुए डेढ़ लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी तथा थाना अभनपुर पुलिस के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु ने स्वीकार किया कि अधिक कर्ज होने के कारण उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने अन्य स्थानों पर भी वारदातें की हैं, जिसके संबंध में उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू (26), निवासी सारखी, टेकराम उर्फ टीकू धीवर (30), निवासी सारखी, पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम (30), निवासी सारखी और योगीराज सोनवानी (18), निवासी सकरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।

admin 




