दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने दो युवकों को कुचला, 2 की मौत; तीन घायल

दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रक ने दो युवकों को कुचला, 2 की मौत; तीन घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद एक बाइक में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत दल्लीराजहरा मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर हुई। मृतकों की पहचान गेमन लाल देशमुख (निवासी ग्राम जगन्नाथपुर) और अरुण साहू (निवासी ग्राम परसदा) के रूप में हुई है।

आमने-सामने की टक्कर बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि गेमन लाल, अरुण साहू और यसु देशमुख एक बाइक से दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर पोषण कुमार गोयल और नरेंद्र निषाद बालोद से दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गेमन लाल और अरुण साहू सड़क पर जा गिरे। उसी समय पीछे से आ रहे एक ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में यसु देशमुख (19 वर्ष), नरेंद्र निषाद (31 वर्ष) और पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

एक बाइक में लगी आग, जांच में जुटी पुलिस

दुर्घटना के बाद टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक में आग लग गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।