भगवान शिव पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला: छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार

भगवान शिव पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला: छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम अध्यक्ष अरुण पन्नालाल गिरफ्तार

रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े हंसराज गोयल के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

फेसबुक पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद

बताया गया कि फेसबुक पर भगवान शिव को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शुक्रवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया। घटना के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा ने की कार्रवाई की मांग

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे समय में भगवान शिव को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिप्पणी की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता रात में ही थाने पहुंचे और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे संबंधित टिप्पणियों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।