स्पाइडर-मैन फिल्म देखने पहुंचे युवकों में खूनी झड़प, थिएटर में चले लात-घूंसे और कुर्सियां; हथौड़े से हमला, युवक घायल

स्पाइडर-मैन फिल्म देखने पहुंचे युवकों में खूनी झड़प, थिएटर में चले लात-घूंसे और कुर्सियां; हथौड़े से हमला, युवक घायल

जगदलपुर। हॉलीवुड फिल्म Spider-Man: Brand New Day को लेकर युवाओं का उत्साह जगदलपुर में हिंसक झड़प में बदल गया। शहर के झंकार टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे दो युवकों के गुटों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के दौरान लात-घूंसों के साथ कुर्सियां और टेबल भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं। पूरे घटनाक्रम से थिएटर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक युवक पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर छह टांके लगाए।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

थिएटर में लगे सीसीटीवी कैमरों में मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।