एबीसी स्कूल सारागांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का हुआ सम्मान

एबीसी स्कूल सारागांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का हुआ सम्मान

रायपुर। एबीसी पब्लिक स्कूल में बोर्ड कक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि संस्था हमेशा से शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देती रही है। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से समय-समय पर प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस वर्ष कक्षा 10वीं में गार्गी देवांगन ने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं कक्षा 8वीं में खिलेन्द्र पाल ने 91.5 प्रतिशत और कक्षा 5वीं में प्रिंसि लोधी ने 93.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्था और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया।

समारोह में कक्षा 10वीं के 6, कक्षा 8वीं के 5 और कक्षा 5वीं के 5 विद्यार्थियों को उनके माता-पिता के साथ आमंत्रित किया गया। सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा बोर्ड कक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। कक्षा 5वीं में हिंदी विषय के लिए श्रीमती राधिका वर्मा, जबकि कक्षा 8वीं सामाजिक विज्ञान और कक्षा 10वीं अंग्रेजी विषय के लिए सूरज बंजारे को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन की वजह से ही वे यह उपलब्धि हासिल कर सके।

कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर, सीईओ और प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।