कारीगर बनकर सोना किया था चोरी,रायपुर पुलिस ने आरोपी को जोधपुर में दबोचा
रायपुर। गोलबाजार क्षेत्र में आभूषण बनाने का काम करने के बहाने 60 ग्राम कच्चा सोना चोरी कर फरार हुए अंतर्राज्यीय आरोपी को पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना में इस्तेमाल मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामान की कीमत करीब 4.70 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है। उन्होंने सोने के आभूषण बनाने के लिए राजू डोलाई नाम के कारीगर को काम पर रखा था। 11 जनवरी 2026 को नंदकिशोर ने राजू को 60 ग्राम कच्चा सोना (6 तोला), जिसकी कीमत करीब 7.80 लाख रुपए थी, आभूषण बनाने के लिए दिया था। राजू ने सोना दुकान की कारीगर आलमारी में रख दिया था।
कुछ दिन बाद राजू अचानक काम पर आना बंद हो गया। उसके घर जाकर तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। 15 जनवरी को आलमारी चेक करने पर 60 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद नंदकिशोर सोनी ने गोलबाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 16/26 के तहत धारा 306 बीएनएस में केस दर्ज किया था।
तकनीकी विश्लेषण से जोधपुर में मिला लोकेशन
लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधिकारियों ने इस प्रकरण में फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रार्थी से दोबारा पूछताछ कर आरोपी से जुड़ी जानकारी जुटाई।
तकनीकी विश्लेषण और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के आधार पर आरोपी के जोधपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर निगरानी रखते हुए आरोपी को चिन्हांकित कर गिरफ्तार कर लिया।
40 ग्राम सोना बरामद, बाकी माल को लेकर पूछताछ
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अब चोरी किए गए शेष सोने, घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता और चोरी के माल के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: राजू डोलाई (35), पिता प्रहलाद चंद्रा डोलाई, निवासी जायरम चाक पूरबा, मेदिनीपुर, थाना पासकूड़ा, पश्चिम बंगाल।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
admin




