Breaking: छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 43 IAS अफसरों के हुए तबादले

Breaking: छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 43 IAS अफसरों के हुए तबादले

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के नए पदस्थापन और अतिरिक्त प्रभारों की सूची जारी की है। इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, ऋचा शर्मा (1994) को अपर मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ महानिदेशक (ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान) और विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मनोज कुमार पिंगुआ (1994) को अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुबोध कुमार सिंह (1997) को प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग के साथ छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं निहारिका बारिक (1997) को प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग बनाया गया है। शहला निगार (2001) को प्रमुख सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

डॉ. रोहित यादव (2002) को सचिव, वित्त विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. कमलप्रीत सिंह (2002) को सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग बनाया गया है।

परदेशी सिद्धार्थ कोमल (2003) को सचिव, कृषि विकास एवं किसान कल्याण के साथ कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार मिला है। रीना बाबा साहेब कंगाले (2003) को वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि अविनाश चंपावत (2003) को सचिव, उच्च शिक्षा विभाग बनाया गया है।

मुकेश कुमार बंसल (2005) को वाणिज्यिक कर (आबकारी एवं पंजीयन को छोड़कर) के साथ लोक निर्माण, विमानन विभाग, मुख्यमंत्री सचिवालय और CGRIDC के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आर. शंगीता (2005) को सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और बसवराजू एस. (2007) को सचिव, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

शम्मी आबिदी (2007) को सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग के साथ राहत एवं पुनर्वास आयुक्त और आयुक्त (भू-अभिलेख) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जिला स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। पुष्पा साहू (2012) को कलेक्टर, कोरिया, डॉ. संतोष कुमार देवांगन (2013) को कलेक्टर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और चंदन संजय त्रिपाठी (2016) को कलेक्टर, बलरामपुर-रामानुजगंज बनाया गया है। संतन देवी जांगड़े (2016) को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, पद्मिनी भोई साहू (2016) को सारंगढ़-बिलाईगढ़, रेना जमील (2019) को सूरजपुर और विश्वदीप (2019) को बीजापुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

अन्य अहम नियुक्तियां:

संबित मिश्रा (2018) को आयुक्त, नगर पालिक निगम रायपुर के साथ स्मार्ट सिटी रायपुर के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। महादेव कावरे (2008) को आयुक्त, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार सहकारी समितियां बनाया गया है, जबकि श्याम लाल धावड़े (2008) को आयुक्त, रायपुर संभाग नियुक्त किया गया है।

सारांश मित्तर (2010) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (क्रेडा) के साथ ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है। पदुम सिंह एल्मा (2010) को आयुक्त, आबकारी बनाया गया है। वहीं संजीव कुमार झा (2011) को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

Files