छोटे भाई से झगड़े का बदला लेने पहुंचे युवक, कार से चाकू और नकली बंदूक बरामद; दो गिरफ्तार

छोटे भाई से झगड़े का बदला लेने पहुंचे युवक, कार से चाकू और नकली बंदूक बरामद; दो गिरफ्तार

सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में छोटे भाई से हुए विवाद का बदला लेने के लिए दो युवक कथित तौर पर हथियार लेकर गांव पहुंचे। संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। तलाशी के दौरान कार से एक धारदार चाकू और नकली बंदूक बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

स्कूल में हुआ था छोटे भाई का विवाद

पुलिस के अनुसार, महंगई स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इनमें से एक छात्र ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने बड़े भाई को दी। इसके बाद बड़ा भाई अपने एक साथी के साथ कार से नवापारा गांव पहुंचा।

दोनों युवकों की गतिविधियां ग्रामीणों को संदिग्ध लगीं। इसके बाद लोगों ने कार को घेर लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।

कार की तलाशी में चाकू और नकली बंदूक मिली

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद कार की तलाशी ली गई। वाहन से धारदार चाकू और बंदूक जैसी दिखने वाली एक वस्तु बरामद हुई। जांच में सामने आया कि कथित बंदूक असल में एक लाइटर था, जिसे लोगों को डराने के लिए रखा गया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार पर लगी BJP की नेम प्लेट भी चर्चा में

मामले में आरोपियों की बलेनो कार पर लगी एक नेम प्लेट भी चर्चा का विषय बनी। नेम प्लेट पर ‘जिला संयोजक मदरसा प्रकोष्ठ पसमांदा मंच’ के साथ भाजपा का कमल चिन्ह लगा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, यह नेम प्लेट फर्जी तौर पर लगाई गई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का भाजपा से कोई संबंध नहीं पाया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।