एक महीने बाद CJP ने खत्म किया जंतर-मंतर आंदोलन, सरकार से तीन दौर की वार्ता के बाद प्रदर्शन वापस लेने का ऐलान

एक महीने बाद CJP ने खत्म किया जंतर-मंतर आंदोलन, सरकार से तीन दौर की वार्ता के बाद प्रदर्शन वापस लेने का ऐलान

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से अधिक समय से जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन शनिवार को समाप्त हो गया। केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधिमंडल के बीच तीन दौर की बातचीत के बाद संगठन ने अपना प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा की। CJP का दावा है कि सरकार ने उसकी प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है।

सरकार के साथ वार्ता के बाद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आंदोलन समाप्त करने की जानकारी दी। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर से लौटने की अपील की गई।

प्रमुख मांगों पर बनी सहमति

आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन वापस लेने का फैसला किया गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से तत्काल प्रभाव से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन समाप्त कर घर लौटने की अपील की। साथ ही कहा कि संगठन अपनी आगे की रणनीति की जानकारी बाद में साझा करेगा।

मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जिन मुद्दों और शर्तों पर सहमति बनी है, उनके निर्धारित समय-सीमा में पूरा होने की उम्मीद के साथ आंदोलन वापस लिया जा रहा है।

NEET विवाद से प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे पर चर्चा

वार्ता के दौरान NEET विवाद से जुड़ी आत्महत्या के मामलों में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का मुद्दा भी उठाया गया। CJP के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत पात्र पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की बात कही है।

CJP ने प्रभावित परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग रखी थी। हालांकि संगठन के मुताबिक, सरकार ने 1 करोड़ रुपये की निश्चित राशि पर सहमति देने के बजाय नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।

शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 5 सूत्रीय मांग पत्र

CJP ने शिक्षा और परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव की मांग करते हुए सरकार को पांच सूत्रीय मांग पत्र भी सौंपा है। इसमें उठाए गए मुद्दों और संभावित सुधारों की समीक्षा के लिए करीब चार सप्ताह बाद सरकार और CJP प्रतिनिधिमंडल के बीच एक और बैठक प्रस्तावित है।

CJP का कहना है कि वह परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के साथ आगे भी संवाद जारी रखेगी। फिलहाल जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त कर दिया गया है।