राजधानी समेत पूरे प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

राजधानी समेत पूरे प्रदेश में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी
रायपुर (चैनल इंडिया)। राज्य में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है। बस्तर संभाग में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में पूरी रात बारिश का दौर जारी रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही वर्षा से नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। बस्तर के अलावा दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
राजधानी रायपुर में पूरी रात रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। सुबह तक कई इलाकों में सडक़ों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी पूरे छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों के आसपास सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की गई है।