जेल प्रहरी के फोन से कैदी ने प्रेमिका से की बात, जांच शुरू होते ही प्रहरी लापता; 8 पन्नों का नोट छोड़ गया

जेल प्रहरी के फोन से कैदी ने प्रेमिका से की बात, जांच शुरू होते ही प्रहरी लापता; 8 पन्नों का नोट छोड़ गया

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जिला जेल के एक प्रहरी के अचानक लापता होने से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। लापता प्रहरी की पहचान महेंद्र कुमार वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जेल परिसर के बाहर से गायब होने से पहले उसने एक रिश्तेदार को वीडियो भेजा था। इसके बाद उसकी स्कूटी की डिक्की से 8 पन्नों का एक नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नोट, मोबाइल फोन और परिजनों तथा जेल अधीक्षक के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रहरी का कोई पता नहीं चल पाया है।

कैदी को मोबाइल देने का आरोप

सूत्रों के मुताबिक, जेल प्रहरी महेंद्र वर्मा पर जेल में बंद एक कैदी को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने का आरोप लगा था। कथित तौर पर कैदी ने इसी मोबाइल से अपनी प्रेमिका को मैसेज किया और फोन पर बातचीत भी की।

बताया जा रहा है कि इस मामले की जानकारी जेल के अधिकारियों को हुई, जिसके बाद CCTV फुटेज खंगाले गए। इसके बाद प्रहरी से पूछताछ और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

जांच के बीच छोड़ा 8 पन्नों का नोट

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई से नाराज होकर प्रहरी ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

लापता होने से पहले महेंद्र वर्मा ने कथित तौर पर अपने एक रिश्तेदार को वीडियो भेजा। वहीं अपनी स्कूटी की डिक्की में 8 पन्नों का नोट छोड़ गया। नोट में उसने उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

पुलिस अब नोट में लिखी बातों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रहरी के लापता होने के पीछे वास्तविक वजह क्या है।

मोबाइल और नोट बरामद, तलाश के लिए टीम गठित

एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना के मुताबिक, महेंद्र वर्मा जेल के अंदर प्रवेश नहीं करने के बाद बाहर से ही कहीं चला गया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

घटनास्थल से मोबाइल फोन और नोट बरामद किया गया है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लापता प्रहरी की तलाश शुरू कर दी है। उसके संभावित ठिकानों, संपर्कों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल महेंद्र कुमार वर्मा का कोई सुराग नहीं मिला है और पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।