लव ट्रायंगल में दिनदहाड़े हत्या: चलती कार पर चढ़कर रोकने की कोशिश करता रहा युवक, गिरते ही आरोपी ने रौंदा

लव ट्रायंगल में दिनदहाड़े हत्या: चलती कार पर चढ़कर रोकने की कोशिश करता रहा युवक, गिरते ही आरोपी ने रौंदा

रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद एक युवक की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने हुई। वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

युवती को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है। मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह (34) निवासी सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि परमप्रीत सिंह का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से एक युवती को लेकर विवाद था। घटना के समय संबंधित युवती भी कार में मौजूद थी।

चलती कार पर चढ़ गया युवक

विवाद के दौरान आरोपी ने एम्स अस्पताल के सामने परमप्रीत सिंह को कार से टक्कर मार दी। इसके बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया और वाहन रोकने की कोशिश करता रहा।

आरोप है कि भरत मंगनानी ने कार नहीं रोकी और कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में वाहन चलाता रहा। इसी दौरान परमप्रीत सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने कार से उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।

हादसे में गंभीर चोट आने के कारण परमप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

BNS की धारा 103 के तहत केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामले को हत्या का मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया है।

युवती हिरासत में, आरोपी फरार

पुलिस ने घटना में शामिल युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी भरत मंगनानी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।