दीपोत्सव से ठीक पहले चोरों के हौसले बुलंद; शहर के दो प्रमुख मंदिरों को बनाया निशाना, दानपेटी और चांदी का मुकुट पार

दीपोत्सव से ठीक पहले चोरों के हौसले बुलंद; शहर के दो प्रमुख मंदिरों को बनाया निशाना, दानपेटी और चांदी का मुकुट पार
कोरबा: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिले कोरबा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले चोरों ने आस्था के केंद्रों को अपना निशाना बनाते हुए दो अलग-अलग मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। एक मंदिर में तो चोरों ने 24 घंटे के भीतर दो बार धावा बोला। मंदिरों में हुई इन चोरियों से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है, साथ ही पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की है। बीती रात करीब 12:13 बजे एक चोर मंदिर के अंदर दाखिल हुआ और दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी रकम चुराकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी करतूत मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है। एक पॉश कॉलोनी के भीतर स्थित मंदिर में इस तरह की घटना से रहवासियों में रोष है।

वहीं, दूसरी घटना सिविल लाइन थाना के ठीक पास स्थित हनुमान मंदिर की है, जहां बेखौफ चोरों ने 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पहले चोर मंदिर से दो दानपेटियां ही उठा ले गए, और इसके बाद दोबारा मंदिर में घुसकर भगवान का चांदी का मुकुट भी चुरा कर ले गए। लगातार हो रही इन वारदतों की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मंदिरों में लगे सीसीटीवी फुटेजों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है और उनकी तलाश तेज कर दी है।