स्कूल जा रहे छात्र को पानी टैंकर ने कुचला: चक्के के नीचे आने के बाद उठा, फिर सड़क पर गिरकर तोड़ा दम

स्कूल जा रहे छात्र को पानी टैंकर ने कुचला: चक्के के नीचे आने के बाद उठा, फिर सड़क पर गिरकर तोड़ा दम

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। स्कूल जा रहे बच्चे को तेज रफ्तार पानी टैंकर ने कुचल दिया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्चा टैंकर के चक्के के नीचे आने के बाद कुछ पल के लिए उठता दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद सड़क पर गिरकर उसकी मौत हो जाती है। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्कूल के पास की है।

जानकारी के अनुसार, सड्डू के एलआईजी सेक्टर-1 निवासी महावीर शर्मा मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए पैदल निकला था। वह सड़क किनारे बैग टांगकर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार पानी टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सामने आए वीडियो में हादसे से कुछ सेकेंड पहले एक बाइक सवार भी नजर आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि बाइक की हलचल के कारण बच्चा अचानक टैंकर के सामने आ गया हो।

जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के तुरंत बाद सबसे पहले वही अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचा था। पुलिस अब बाइक सवार की पहचान करने के साथ-साथ फरार टैंकर चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।