टाटीबंध के ‘बिरयानी घर’ में गंदगी मिलने पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार रुपये का ई-जुर्माना

टाटीबंध के ‘बिरयानी घर’ में गंदगी मिलने पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार रुपये का ई-जुर्माना

रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन-8 अंतर्गत टाटीबंध स्थित एक होटल में स्वच्छता नियमों की अनदेखी सामने आने पर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। लगातार मिल रही जनशिकायतों के आधार पर जोन-8 की टीम ने ‘बिरयानी घर’ का औचक निरीक्षण किया, जिसमें परिसर में गंदगी मिलने के साथ ही सूखे और गीले कचरे का पृथक्करण एवं उसके उचित निष्पादन में गंभीर लापरवाही पाई गई।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा भी मौजूद रहे।

जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन द्वारा स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन कमिश्नर के निर्देश पर संबंधित होटल संचालक को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई और मौके पर ही 20 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र से प्राप्त स्वच्छता संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए यह कार्रवाई की गई है। साथ ही होटल संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है, ताकि शहर में स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके।