दो माह पहले की थी लव मैरिज, जेवर और नकदी लेकर नवविवाहिता लापता, पति ने जताई प्रेमी संग फरार होने की आशंका
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज के महज दो महीने बाद नवविवाहिता के घर से सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर लापता होने की शिकायत सामने आई है। पीड़ित पति ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच करीब छह महीने तक प्रेम संबंध रहा, जिसके बाद दोनों ने 20 मार्च को विवाह कर लिया। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन दो महीने बाद अचानक नवविवाहिता घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पति गगन साहू ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
गगन साहू का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि पत्नी अपने पूर्व प्रेमी के साथ फरार हुई है। घटना के बाद से परिवार चिंतित है और लगातार उसकी तलाश कर रहा है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और युवती की तलाश शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

admin 




