सरायपाली से रायपुर लाई गई गांजा की खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 40 ग्राम गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1.80 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक 5 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा से अवैध गांजा लेकर मेटल पार्क रोड, रावांभाठा क्षेत्र में बिक्री करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम महेंद्र कुमार ध्रुव निवासी बीरगांव बताया।
वाहन की तलाशी के दौरान एक्टिवा की डिक्की से सेलोटेप में लिपटा पैकेट बरामद हुआ। जांच में उसमें 2 किलो 40 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा सरायपाली क्षेत्र से लाकर रायपुर में सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया को देने वाला था।
पुलिस ने महेंद्र कुमार ध्रुव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ खमतराई थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है।
जब्त सामग्री
- 2.040 किलोग्राम गांजा – 1 लाख रुपए
- एक्टिवा क्रमांक CG 04 NM 4477 – 50 हजार रुपए
- बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर – 10 हजार रुपए
- दो मोबाइल फोन – 20 हजार रुपए
कुल जब्ती : 1.80 लाख रुपए
गिरफ्तार आरोपी
1. महेंद्र कुमार ध्रुव (44), निवासी बीरगांव, रायपुर।
2. सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया (22), निवासी बीरगांव, रायपुर।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

admin 




