घर में फंदे पर लटकी मिली 26 वर्षीय शिक्षिका की लाश, जांच में जुटी पुलिस
सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शिक्षिका अपने घर के अंदर फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका सलका की रहने वाली बताई जा रही है और स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। जानकारी के मुताबिक, रात के समय उसने घर के अंदर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शिक्षिका के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
admin



