BSUP कॉलोनी में रायपुर पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 300 से अधिक मकानों की हुई जांच
रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी में व्यापक सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाया। सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में फैली कॉलोनी में करीब 100 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक मकानों की जांच की।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्तों द्वारा की गई। सुबह शुरू हुए अभियान के दौरान कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थलों की सघन तलाशी ली गई।
अभियान के तहत क्षेत्र में रहने वाले निगरानीशुदा बदमाशों, आदतन अपराधियों, गुंडा तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस टीमों ने घर-घर पहुंचकर रहवासियों से जानकारी ली और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
जांच के दौरान चिन्हित किए गए संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रहवासियों से सहयोग की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया।
अपराधियों में भय, नागरिकों में विश्वास बढ़ाने का प्रयास
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऐसे आकस्मिक सर्च और सत्यापन अभियानों का मुख्य उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि शहर के विभिन्न इलाकों में भविष्य में भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

admin 




