संबलपुरी धुनों से गूंजेगी राजधानी: नुआखाई जुहार महोत्सव में रुक्कु सोना बिखेरेंगे सांस्कृतिक रंग
रायपुर। राजधानी के हृदय स्थल शहीद स्मारक भवन में 20 सितंबर को आयोजित होने वाला “नुआखाई जुहार एवं महिला सम्मेलन” इस बार सांस्कृतिक उल्लास और महिला सम्मान का अनूठा संगम बनेगा। पश्चिम ओडिशा के प्रसिद्ध संबलपुरी रॉकस्टार रुक्कु सोना अपनी टीम के साथ रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांधेंगे, जिससे राजधानी संबलपुरी धुनों पर झूम उठेगी।
शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत ने बताया कि गांड़ा समाज रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस महापर्व में उन संघर्षशील, कर्मठ और प्रेरणादायी महिलाओं का विशेष सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करते हुए परिवार, समाज और कार्यक्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि नुआखाई महापर्व 15 सितंबर को देशभर में उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर समाज में अभी से उत्सवी माहौल बनने लगा है। इसके पूर्व 6 और 8 सितंबर को रायपुर तथा भिलाई-दुर्ग में विशाल एवं भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया जा चुका है, जिसमें समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रही।
महिला महामंच द्वारा सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं और आयोजन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सावित्री जगत ने कहा कि, “नुआखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आन, बान, शान, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है।”
admin



