स्कूल के अंदर शराब पीने का वीडियो वायरल: BEO ने सहायक शिक्षक को थमाया शो कॉज नोटिस

स्कूल के अंदर शराब पीने का वीडियो वायरल: BEO ने सहायक शिक्षक को थमाया शो कॉज नोटिस

गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत एक प्राथमिक स्कूल में सहायक शिक्षक के कथित रूप से शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने संबंधित सहायक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मामला मैनपुर क्षेत्र के भाटापानी के आश्रित ग्राम कमारपारा स्थित प्राथमिक स्कूल का बताया जा रहा है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक सतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वायरल वीडियो में शिक्षक कथित तौर पर कक्षा के अंदर मौजूद दिखाई दे रहा है और वहां शराब की बोतल भी नजर आ रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर BEO ने सहायक शिक्षक को शो कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी की जा रही है।

बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामले

मैनपुर के अंदरूनी क्षेत्रों में स्कूल परिसरों से जुड़े इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। करीब दो महीने पहले भी इसी विकासखंड में स्कूल के कमरे के अंदर शराब पार्टी करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था।

लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने से स्कूलों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल सहायक शिक्षक के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।