शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या: महानदी किनारे रेत में दफन मिला शव, पार्षद समेत चार हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव को रेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक निर्दलीय पार्षद समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर शव को महासमुंद जिले में महानदी किनारे रेत में दबा दिया गया।
मृतक की पहचान नकटी गांव निवासी भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है। वह मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और 22 मई से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत मंदिर हसौद थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन भुवनेश्वर यादव मंदिर हसौद स्थित शराब भट्ठी के पीछे निर्दलीय पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे और अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर भुवनेश्वर और पार्षद के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पार्षद और उसके साथियों ने भुवनेश्वर को जबरन कार में बैठाया और वहां से लेकर चले गए। इसके बाद महासमुंद जिले में महानदी किनारे ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेत में दफना दिया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि घटना की शाम भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से मोबाइल पर बातचीत की थी। उस समय उसने पार्षद गोलू रात्रे से भी पत्नी की बात करवाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह अचानक लापता हो गया। बाद में पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद हुआ, जिससे जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
मामले में पुलिस ने निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामले में जल्द ही विस्तृत खुलासा किया जाएगा। वहीं घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

admin 




