रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का बड़ा एक्शन: दो आदतन अपराधी जिलाबदर, 6 जिलों में प्रवेश पर रोक
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने आदतन और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जिलाबदर कर दिया है। दोनों को रायपुर समेत छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया गया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने संबंधित पुलिस अधिकारियों के प्रतिवेदन, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के आधार पर यह कार्रवाई की है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।
विकास उर्फ भीम पर 9 आपराधिक मामले
इंदिरा नगर, बीरगांव निवासी विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर के खिलाफ वर्ष 2018 से अब तक कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने और जुआ खेलने सहित कुल 9 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
आदेश के तहत उसे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की सीमाओं से 3 महीने के लिए निष्कासित किया गया है। इस अवधि में वह न्यायालय की अनुमति के बिना इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
ओम दुबे के खिलाफ 11 मामले दर्ज
वहीं, मोतीलाल नगर निवासी ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे के खिलाफ वर्ष 2017 से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, अवैध हथियार रखने और अवैध गांजा बिक्री समेत कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
उसे रायपुर समेत दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से 4 महीने के लिए जिलाबदर किया गया है। इस दौरान सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना वह इन जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
admin



