बेरोजगारी की चिढ़ में मंदिर की प्रतिमाएं तोड़ीं, चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
गुढ़ियारी में घटना के कुछ घंटों बाद आरोपी गिरफ्तार, घर में छिपाकर रखा था वारदात में इस्तेमाल छैनी-हथौड़ा
रायपुर। गुढ़ियारी पड़ाव स्थित शिव हनुमान मंदिर परिसर में भगवान की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमा को छैनी-हथौड़े से तोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल छैनी-हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (42), निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव, थाना गुढ़ियारी के रूप में हुई है। आरोपी बेरोजगार है।
मंदिर देखकर मन में रखता था चिढ़
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मंदिर के पास ही रहता है और अक्सर वहां से आते-जाते समय मंदिर को देखता था। बेरोजगारी को लेकर वह परेशान था। उसके मन में यह बात थी कि ‘भगवान मेरा साथ नहीं दे रहे हैं, मैं ऐसा ही बेरोजगार रहूंगा।’ इसी चिढ़ के चलते उसने मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की ठानी।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे आरोपी अपने घर से छैनी-हथौड़ा लेकर मंदिर पहुंचा। उसने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमान जी, शिवलिंग और साईं जी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से छैनी-हथौड़ा अपने घर में छिपा दिया।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर आवेदक प्रवीण लांजेवर ने गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में जांच शुरू की गई।
एडीसीपी आदित्य पाण्डेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के सुपरविजन में थाना प्रभारी गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर में छिपाकर रखा छैनी-हथौड़ा बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
admin




