गृह मंत्री का OSD बनकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
दुर्ग। भिलाई के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैच के दौरान स्वयं को प्रदेश के गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को डराने-धमकाने और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को खुर्सीपार स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच का आयोजन किया जा रहा था। इसी दौरान सर्वेश सिंह नामक व्यक्ति मैदान में पहुंचा और स्वयं को गृह मंत्री विजय शर्मा का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों एवं आयोजकों पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसने खिलाड़ियों को धमकाने के साथ-साथ अनुचित व्यवहार भी किया।
मामले की शिकायत जय प्रकाश ने 27 मई को थाना खुर्सीपार में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सर्वेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अनुविभागीय दंडाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा शासकीय पद या प्रभावशाली पहचान का झूठा दावा कर लोगों को धमकाने या दबाव बनाने की कोशिश कानूनन अपराध है। मामले की आगे की जांच जारी है।

admin 




