जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर 1.61 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, तीन के खिलाफ FIR

जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर 1.61 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, तीन के खिलाफ FIR

राजनांदगांव। जमीन खरीदी-बिक्री के सौदे में 1.61 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर लालबाग पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पेंड्री निवासी चंदाबाई खरे ने जमीन बिक्री के संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम पेंड्री स्थित खसरा नंबर 548/6 की 0.48 एकड़ (0.1916 हेक्टेयर) भूमि का सौदा 2 करोड़ 5 लाख रुपये में तय हुआ था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, सौदे के बाद उसे केवल 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष 1 करोड़ 61 लाख रुपये की राशि नहीं दी गई। बकाया रकम की मांग करने पर विवाद किए जाने का भी आरोप है।

शिकायत की जांच नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने की। उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के परीक्षण के बाद प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) BNS में मामला दर्ज किया गया।

मामले में प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव को नामजद आरोपी बनाया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आगे की वैधानिक कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।