दुर्ग में बीच सडक़ उपसरपंच का कत्ल बदमाशों ने चाकुओं से किया वार

दुर्ग में बीच सडक़ उपसरपंच का कत्ल बदमाशों ने चाकुओं से किया वार

मोबाइल और चार हजार रुपए लूटकर फरार

दुर्ग (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ में अपराधी रोज चाकूबाजी, लूटपाट, हत्या जैसे कई वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच दुर्ग जिले से खुलेआम बीच सडक़ लूट और हत्या का मामला सामने आया है। बदमाशों ने चाकू मारकर उपरसरपंच की हत्या कर दी और मोबाइल फोन व 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। 

मामला जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के तुमाकला गांव का है। वारदात रविवार रात करहीडीह से चिखली चौक के बीच धमधा रोड पर हुई है। मृतक की पहचान उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप के रूप में हुई है। प्रकाश सिंह कश्यप तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में उसी गांव की सरपंच हैं। 

रविवार देर रात धमधा रोड पर चार बाइक सवार बदमाश आये और प्रकाश सिंह को घेर लिया। उन्होंने प्रकाश सिंह से लूट की कोशिश की। प्रकाश सिंह ने इसका विरोध किया जिसके बाद बदमाशों ने उनपर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बदमाश उनका मोबाइल फोन और चार हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। 

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहची और जांच में जुट गयी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।