गुमशुदा युवती की तलाश में पुलिस की रेड, मकान से 3 युवतियां और युवक संदिग्ध हालत में मिले

गुमशुदा युवती की तलाश में पुलिस की रेड, मकान से 3 युवतियां और युवक संदिग्ध हालत में मिले

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गुमशुदा युवती की तलाश के दौरान पुलिस की रेड कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। अंबिकापुर से लापता युवती की पतासाजी के सिलसिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने घोटिया बाईपास स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर में दर्ज गुमशुदगी मामले की जांच के दौरान परिजनों को सूचना मिली थी कि लापता युवती कवर्धा के घोटिया बाईपास रोड स्थित किरण पनागर के मकान में हो सकती है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।

हालांकि दबिश के दौरान गुमशुदा युवती वहां नहीं मिली, लेकिन मकान में तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध अवस्था में पाए गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध तथ्य सामने आने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मामला सिर्फ गुमशुदगी तक सीमित है या इसके पीछे कोई अन्य गतिविधि या नेटवर्क संचालित हो रहा था।

मामले में थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि अंबिकापुर से आए लोगों की सूचना पर पुलिस ने सहयोगात्मक कार्रवाई करते हुए रेड डाली थी। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियां और एक युवक मिले, जिनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, तीन युवतियों में दो कोरबा और एक बिलासपुर की रहने वाली है, जबकि युवक कवर्धा का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।