शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक पर गिरी गाज : शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक पर गिरी गाज : शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
कांकेर/भानुप्रतापपुर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ एक प्रधानपाठक खुलेआम शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह के खिलवाड़ और अनुशासनहीनता का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी प्रधानपाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया बुधवार को कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे थे। स्कूल समय में शिक्षक का इस स्थिति में पहुंचना छात्रों और अभिभावकों के लिए बेहद आपत्तिजनक था। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़गांव थाने में उनके खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की।

घटना के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया और संयुक्त संचालक स्तर से प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा लगातार स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने, अध्यापन की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। ऐसे में एक शासकीय स्कूल के प्रमुख जिम्मेदार द्वारा इस तरह की हरकत करना शिक्षा व्यवस्था की साख पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।