विधायक पुरंदर मिश्रा से साइबर ठगी: नितिन नबीन के पीए बनकर ठग ने ऐंठे 10 हजार, FIR दर्ज

विधायक पुरंदर मिश्रा से साइबर ठगी: नितिन नबीन के पीए बनकर ठग ने ऐंठे 10 हजार, FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने राजनीतिक पहचान का फायदा उठाकर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन का निजी सहायक बताकर विधायक से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर खुद को भाजपा नेता नितिन नबीन का पीए बताया। बातचीत के दौरान उसने वाहन में तत्काल डीजल डलवाने की बात कहते हुए पैसों की जरूरत बताई। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने विधायक को विश्वास में ले लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम ट्रांसफर करवाई। पहले 4500 रुपए और बाद में 5500 रुपए भेजने को कहा गया। विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को रकम भेजने के निर्देश दिए, जिसके बाद बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए।

कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की पड़ताल की गई। जांच में सामने आया कि कॉल करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताकर ठगी कर रहा था।

इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल खंगालने में जुटी हुई है।

खम्हारडीह पुलिस के विवेचना अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने फर्जी पहचान बताकर विधायक से ऑनलाइन ठगी की है। मामले में तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।