मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या, धारदार हथियार से हमले का आरोप; जांच में जुटी पुलिस
डोंगरगढ़। शहर के राधिका नगर-कश्मीरी पारा इलाके में मंगलवार रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामूली विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, कश्मीरी पारा निवासी धन्नू ठाकुर (करीब 33 वर्ष) मंगलवार रात अपने इलाके में मौजूद था। रात करीब 9 बजे किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक ही परिवार से जुड़े कुछ लोगों ने धन्नू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में धन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है।
पुलिस अब विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े घटनाक्रम का पता लगा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
admin




